क्राइम

पटना में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, 11.50 लाख की नकदी-जेवरात चोरी

पटना। बिहार की राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित पुलिस कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। राधिका सदन में रहने वाले राज कुमार शर्मा के घर से चोर करीब 11.50 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना दुर्गापूजा की नवमी की रात की है, जब परिवार पूजा घूमने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। चोरी की वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, राज कुमार शर्मा का परिवार दुर्गापूजा के अवसर पर घूमने निकला था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। आरोपितों ने कमरों में रखी अलमारियों को खंगाला और उनमें रखे करीब डेढ़ लाख रुपये नकद तथा लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

परिवार जब रात करीब दो बजे वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दो युवक रात करीब 12 बजे घर में घुसे थे और लगभग दो बजे बाहर निकलते दिखाई दिए। दोनों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारियों से नकदी व आभूषण निकालकर फरार हो गए। परिवार ने फुटेज सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दी है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गर्दनीबाग थाना पुलिस को सूचना दी। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।