ऑनलाइन गेम के जरिए नाबालिग को फंसाया, होटल में बंधक बनाकर मांगे एक लाख रुपये; केन्याई नागरिक गिरफ्तार
पुरी। ओडिशा के पुरी में ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से नाबालिग लड़की से दोस्ती कर उसे कथित तौर पर अगवा करने और भुवनेश्वर के एक होटल में बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में केन्या के 34 वर्षीय नागरिक मोहम्मद फैयाज मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर आरोपी के कब्जे से पासपोर्ट, वीजा और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सितंबर 2025 से एक ऑनलाइन कैरम गेम ऐप के जरिए नाबालिग के संपर्क में था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने ऑनलाइन चैटिंग के जरिए लड़की का विश्वास जीत लिया। आरोप है कि इसी पहचान का फायदा उठाकर उसने नाबालिग को अपने जाल में फंसा लिया।
पीड़िता की मां की शिकायत के अनुसार, 18 नवंबर को आरोपी पुरी पहुंचा और एससीएस कॉलेज के पास लड़की से मुलाकात की। इसके बाद उसने नाबालिग को भुवनेश्वर आने के लिए कहा। आरोपी के बुलाने पर लड़की वहां पहुंच गई, जहां उसे जागमरा इलाके के एक होटल में ठहराया गया।
आरोप है कि होटल में लड़की को बंधक बनाकर रखा गया और उसकी रिहाई के बदले परिजनों से एक लाख रुपये की मांग की गई। पीड़िता की मां ने आरोपी पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के भी आरोप लगाए हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुरी टाउन थाना पुलिस ने केस नंबर 809/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। एसपी प्रतीक सिंह के निर्देश पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने परिजनों को आए फोन नंबर की तकनीकी जांच की, जिसके आधार पर उसकी लोकेशन भुवनेश्वर के जागमरा इलाके में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित होटल में छापेमारी कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से आरोपी मोहम्मद फैयाज मोहम्मद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुरी के एसपी प्रतीक सिंह के अनुसार, आरोपी अपने पिता का गुजरात में इलाज कराने के लिए वीजा लेकर भारत आया था। वह इसी महीने की 10 तारीख को भुवनेश्वर पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि भारत आने के दौरान भी वह लगातार नाबालिग के संपर्क में था।
जांच के दौरान आरोपी और नाबालिग के बीच धर्म परिवर्तन को लेकर बातचीत होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस मामले को लव जिहाद का नाम देना जल्दबाजी होगी।
एसपी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

