क्राइम

बेतिया में करोड़ों की लूट के बाद सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट, सोने की दुकानों पर पुलिस की कड़ी निगरानी

सिकटा । बेतिया के एक स्वर्ण आभूषण शोरूम में करोड़ों रुपये की लूट की घटना के बाद पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस को आशंका है कि लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों को नेपाल सीमा से सटे बाजारों में बेचने की कोशिश की जा सकती है। इसी संभावना को देखते हुए पुलिस ने सीमा पर निगरानी बढ़ाने के साथ स्थानीय स्वर्ण कारोबारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में बुधवार को सिकटा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य ने क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक की। उन्होंने कारोबारियों को संदिग्ध आभूषणों की खरीद-बिक्री से बचने और प्रत्येक लेनदेन में जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन करने की हिदायत दी।

बैठक में थानाध्यक्ष ने कहा कि कोई भी दुकानदार बिना उचित प्रमाण के किसी व्यक्ति से सोने-चांदी के आभूषण न खरीदे। आभूषण बेचने आने वाले व्यक्ति का पहचान पत्र और संबंधित गहनों की खरीद से जुड़े दस्तावेजों की जांच करना जरूरी है। इसके अलावा प्रत्येक बिक्री का कैश मेमो भी तैयार किया जाए, ताकि लेनदेन का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।

उन्होंने कारोबारियों को आगाह किया कि यदि कोई व्यक्ति आभूषणों से संबंधित कागजात दिखाने से बचता है या उसके व्यवहार पर संदेह होता है तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए।

पुलिस को आशंका है कि बेतिया में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी नेपाल की ओर भागने का प्रयास कर सकते हैं। इसके साथ ही लूटे गए आभूषणों को सीमावर्ती बाजारों में खपाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर पुलिस सीमा से जुड़े रास्तों और आसपास के स्वर्ण बाजारों में विशेष सतर्कता बरत रही है।

थानाध्यक्ष ने सभी स्वर्ण व्यवसायियों से कहा कि वे अपनी दुकानों पर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखें। किसी भी तरह की असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचित करें। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों तक पहुंचने और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी में व्यापारियों का सहयोग महत्वपूर्ण हो सकता है।

बैठक में मंटू सर्राफ, बिट्टू कुमार, जयप्रकाश प्रसाद, हरिमोहन उर्फ मधु सर्राफ, अशोक कुमार, सोनू कुमार, मधुरंजन कुमार, नीरज कुमार और अभय कुमार समेत कई स्वर्ण कारोबारी मौजूद रहे।