क्राइम

गाजीपुर में वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 16 दोपहिया वाहन बरामद

गाजीपुर। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए स्वाट टीम और जंगीपुर थाना पुलिस ने कथित बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 15 मोटरसाइकिलें, एक वाहन का कटा हुआ इंजन और अन्य पुर्जे बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की मध्यरात्रि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर तीन मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद भी बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश राजभर (25), अतुल सिंह (29) और नीरज राजभर (26) के रूप में हुई है। तीनों गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र के कटयां गांव के निवासी बताए गए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ कमाने के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद वाहनों के पुर्जे अलग-अलग कर उन्हें बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों में स्प्लेंडर प्लस, सुपर स्प्लेंडर, बजाज एक्ससीडी और सीबीजेड एक्सट्रीम मॉडल की गाड़ियां शामिल हैं।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि बरामद वाहनों से जुड़े मामलों में गाजीपुर के कोतवाली, जंगीपुर, करण्डा और सैदपुर थानों के साथ ही वाराणसी के चौबेपुर थाने में कुल छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने जंगीपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी सुमित बालियान, जंगीपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश और उनकी टीम शामिल रही।